युवती की आपत्तिजनक फोटो व वीडियो वायरल
धामपुर (बिजनौर)। गांव अमखेड़ा शंजरपुर निवासी एक युवक ने मुरादाबाद के एक गांव निवासी एक युवती की आपत्तिजनक फोटो व वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। आरोप है कि इसके जरिए उसने युवती का दो बार रिश्ता भी तुड़वा दिया और वीडियो-फोटो डिलीट करने को छह लाख रुपये भी हड़प लिए। जब उसके भाई ने विरोध किया तो आरोपित ने उस पर हमला कर दिया, पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मुरादाबाद के एक गांव निवासी युवक ने पुलिस को बताया कि उसके चाचा की शादी कुछ समय पहले धामपुर के गांव अमखेड़ा शंजरपुर में हुई थी। शादी के बाद चाची के भाई मदनपाल का उसके घर आना-जाना हो गया। आरोप है कि युवक ने उसकी बहन को बहला फुसला कर सम्बंध बनाए और उसकी आपत्तिजनक वीडियो-फोटो बना लिए।
बाद में उन्होंने अपनी बहन का रिश्ता कर दिया था, लेकिन मदनपाल ने वहां जा कर वीडियो दिखा कर रिश्ता तुड़वा दिया। इसके बाद फिर से रिश्ता तय किया लेकिन युवक ने फिर से रिश्ता तुड़वा दिया। आरोप है कि वीडियो डिलीट करने के लिए आरोपित छह लाख रुपये भी हड़प चुका है। इसे लेकर मंगलवार को युवती का भाई व स्वजन धामपुर के गांव अमखेड़ा में आरोपित के घर पहुंचे।
जब उन्होंने युवक से वीडियो वायरल करने और रिश्ता तुड़वाने की घटना का विरोध किया तो आरोपित ने गांव के लोगों के साथ उन पर हमला कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। किसी तरह सभी लोग धामपुर पहुंचे और कोतवाली में पुलिस को तहरीर दी।
कोतवाली प्रभारी रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि युवक की तहरीर पर आरोपित मदन पाल निवासी गांव अमखेड़ा शंजरपुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।