शराब की बोतल और गिलास मिले, शव उठाने पर परिजनों और पुलिस में नोकझोंक
कानपुर। एक किसान की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। वह बुधवार की रात खेत की रखवाली के लिए ट्यूबवेल पर गया था। गुरुवार की सुबह करीब 4:30 बजे खेत में काम करने के लिए पहुंचे लोगों ने खून से लथपथ लाश देखी तो शोर मचाया। जानकारी मिलते ही परिजन पहुंचे। घटनास्थल पर शराब की खाली बोतलें और गिलास पड़े मिले हैं। समझा जा रहा है कि वहां रात में पार्टी हुई है। उसके बाद वारदात को अंजाम दिया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची। गले और हाथ में गहरे घाव मिले हैं। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव को कब्जे में लेना चाहा तो परिजन विवाद करने लगे। उन्होंने शव को पुलिस को देने से इनकार कर दिया। फिर समझाने पर माने। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की है। यह घटना महाराजपुर थाना क्षेत्र हाथीगांव की है।
हाथीगांव के रहने वाले हरिमोहन सिंह यादव (45) पुत्र भगवंत सिंह यादव पेशे से किसान थे। उनकी शादी नहीं हुई थी। वह अपने चार भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके परिवार में मां पुष्पा देवी और भाई भगवान सिंह, जगनायक सिंह, अनिल यादव शामिल हैं। वह कानपुर शहर के श्याम नगर में रहने वाले अनिल सिंह के खेतों की रखवाली करते थे। इसलिए रोजाना रात को अपने घर से 400 मीटर दूर अनिल सिंह के ट्यूबवेल पर ही सोते थे।
परिवार के मुताबिक वह रोजना रात का खाना खाकर सोने के लिए ट्यूबवेल पर जाते थे। बुधवार की रात उन्होंने घर पर खाना नहीं खाया था। परिजनों के अनुसार, बुधवार रात करीब 10 बजे हरिमोहन के छोटे भाई की पत्नी प्रियंका ने उन्हें खाना खाने के लिए फोन किया था। हरिमोहन ने तब बताया था कि वह खाना खा चुके हैं और ट्यूबवेल पर ही सो जाएंगे, इसलिए घर नहीं आएंगे। इसके बाद गुरुवार सुबह उनका शव बरामद हुआ।
पुलिस को गुरुवार सुबह करीब 4:45 बजे घटना की सूचना मिली। खेत में मक्का की फसल देखने गए बजरंग पासवान ने ट्यूबवेल के पास खून देखा। उन्होंने ही ग्रामीणों को जानकारी दी। उसके बाद मौके पर पुलिस पहुंची। पुलिस को घटनास्थल पर ट्यूबवेल के आसपास 15 से 20 खाली गिलास, दो अंग्रेजी शराब की बोतलें और एक देशी शराब की बोतल पड़ी मिली।
पुलिस ने फोरेंसिक टीम के पहुंचने से पहले ही शव उठाने का प्रयास किया, जिस पर परिजनों ने विरोध जताया। इस दौरान पुलिस और परिजनों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। परिजनों का आरोप है कि पुलिस जल्दबाजी में महत्वपूर्ण साक्ष्यों को नजरअंदाज कर रही थी।
हरिमोहन यादव के भतीजा लवकुश यादव ने बताया कि बुधवार रात को फोन करके जानकारी ली गई तो बताया था कि ट्यूबवेल में पार्टी है। हम खाना खाने नहीं आएंगे। लवकुश ने पुलिस से गांव के ही तीन युवक अर्जुन गुप्ता, श्याम सक्सेना और मुलायम यादव पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस तीनों युवकों से पूछताछ कर रही है।
डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि मृतक के परिजनों ने गांव के ही तीन युवकों पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि तीनों युवक अक्सर ट्यूबवेल पर आते-जाते थे। वहां पार्टी करते थे। परिजनों की शिकायत व घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
उन्होंने बताया कि हत्या किन कारणों से की गई, इसका अभी तक पता नहीं चल सका है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच-पड़ताल कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने जल्द ही मामले का खुलासा करने का भरोसा जताया है।