ग्रामीणों में आक्रोश, इलाके में तनाव, भारी पुलिस बल तैनात
बिजनौर। नजीबाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम पूरनपुर गढ़ी में एक प्राचीन देवता स्थल पर तोड़फोड़ की घटना सामने आई है। इस घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि कुछ अज्ञात लोगों ने पूरनपुर गढ़ी स्थित प्राचीन देवता स्थल को क्षतिग्रस्त कर दिया। स्थल की तोड़फोड़ देखकर उनमें गुस्सा फैल गया, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए क्षेत्र में एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी आकांक्षा गौतम ने बताया कि चार नाबालिग व्यक्तियों द्वारा देवता स्थल की ईंटों को तोड़ा गया है। इन नाबालिगों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। वर्तमान में पूरे क्षेत्र में शांति बनी हुई है और पुलिस स्थिति पर लगातार नजर रख रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।