जमानत की कोशिशों पर पुलिस ने कसा शिकंजा, नौ आरोपी गिरफ्तार, एक का हुआ था एनकाउंटर
बुलंदशहर। खुर्जा नगर में हुए चर्चित तिहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी सौरभ सैनी उर्फ सीटू पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका/ठरअ) लगा दिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के जमानत पर जेल से बाहर आने की संभावनाओं को देखते हुए यह कार्रवाई की गई है।
मामला 25 और 26 अप्रैल की रात का है, जब खुर्जा नगर थाना क्षेत्र के सुभाष रोड पर ताबड़तोड़ फायरिंग हुई थी। इस गोलीबारी में तीन युवकों की मौत हो गई थी। घटना के बाद खुर्जा नगर थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान पुलिस ने जीतू सैनी का एनकाउंटर किया था। वहीं मुख्य आरोपी सौरभ सैनी उर्फ सीटू सहित कुल नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया था, जहां से सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, सुभाष रोड निवासी सौरभ सैनी उर्फ सीटू वर्तमान में बुलंदशहर जिला कारागार में बंद है और लगातार जमानत के प्रयास कर रहा था। अपराध की गंभीरता को देखते हुए खुर्जा नगर पुलिस ने 12 जुलाई 2026 को उसके खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की। आरोपी को जिला कारागार में ही रासुका का नोटिस तामील करा दिया गया है।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि तिहरे हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों के खिलाफ भी रासुका लगाने की प्रक्रिया चल रही है। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उनके खिलाफ भी इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी।