HomeTrendingरोडवेज बस ने बाइक सवार को कुचला, मौके पर मौत

रोडवेज बस ने बाइक सवार को कुचला, मौके पर मौत

-

युवक की मौत के बाद गुस्साए लोगों ने की सड़क जाम, एनएचएआई पर लापरवाही के आरोप


सहारनपुर। रामपुर मनिहारान रेलवे ओवरब्रिज पर सोमवार सुबह 9 बजे एक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार हरियाणा रोडवेज की बस ने बाइक सवार 26 वर्षीय युवक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। घटना के विरोध में परिजनों और ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और एनएचएआई पर लापरवाही के आरोप लगाए।

मृतक की पहचान नानौता थाना क्षेत्र के गांव सिखेड़ा निवासी कृष्ण (26) पुत्र हुकम सिंह के रूप में हुई है। कृष्ण सोमवार सुबह अपनी निजी कंपनी की नौकरी पर जा रहा था। रामपुर मनिहारान रेलवे ओवरब्रिज पर पहुंचने पर सामने से आ रही हरियाणा रोडवेज की बस ने उसकी स्प्लेंडर बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कृष्ण की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने का प्रयास किया। हालांकि, इस दौरान मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां पहुंच गए। उन्होंने शव को पुलिस को सौंपने से इनकार कर दिया और शहरीपुल चौराहे पर रखकर सड़क जाम कर दिया।

घटना की जानकारी मिलने पर एसडीएम डॉ. पूर्वा और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। समाचार लिखे जाने तक परिजन अपनी मांगों पर अड़े हुए थे और जाम जारी था। मृतक कृष्ण दो बच्चों का पिता था और चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। उसकी असामयिक मृत्यु से परिवार में शोक का माहौल है।

ग्रामीणों का आरोप है कि रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण पूरा होने के बावजूद एनएचएआई ने पिछले करीब दो महीने से केवल एक तरफ का मार्ग चालू कर रखा है। उनका कहना है कि संकरी आवाजाही के कारण यहां लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। ग्रामीणों ने ओवरब्रिज को दोनों ओर से तत्काल चालू करने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

उधर पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। जाम खुलवाने के लिए परिजनों को समझने का प्रयास कर रही है।

Related articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

14,000FansLike
6,000SubscribersSubscribe

Latest posts