प्रेमिका भी गंभीर घायल, देर रात रिश्तेदार के घर रुका था, इलाज के दौरान हुई मौत
कौशांबी। शुक्रवार सुबह 6 बजे प्रेम-प्रसंग के चलते 19 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। युवक देर रात अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था। आरोप है कि इसकी भनक लगते ही युवती के परिजनों ने दोनों की बेरहमी से पिटाई कर दी।
गंभीर रूप से घायल युवक की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि प्रेमिका गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज जारी है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। घटना जिला मुख्यालय से करीब 3 किलोमीटर दूर मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के महुआ खाड़ा गांव की है।
पुलिस के मुताबिक मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले 19 वर्षीय शिव प्रसाद का पास के महुआ खाड़ा गांव निवासी एक युवती से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। गुरुवार देर रात वह अपने एक दूर के रिश्तेदार के यहां गया था। वहीं से लौटते समय वह प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंच गया। बताया जा रहा है कि दोनों घर में मौजूद थे, तभी युवती के परिजनों को इसकी जानकारी हो गई। इसके बाद घर में विवाद शुरू हो गया और मामला देखते ही देखते हिंसक हो गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती के परिजनों ने दोनों को पकड़ लिया और लाठी-डंडों व अन्य वस्तुओं से बेरहमी से पीटा। हमले में शिव प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गया। युवती को भी गंभीर चोटें आईं।
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घायल शिव प्रसाद को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल युवती का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे मृतक के बड़े भाई गुरु प्रसाद ने मंझनपुर कोतवाली पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस की शुरूआती जांच में प्रेम-प्रसंग को घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि युवक और युवती के बीच लंबे समय से संबंध थे। देर रात युवक के घर पहुंचने के बाद विवाद हुआ, जिसके बाद मारपीट की घटना सामने आई। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और हमला किन परिस्थितियों में किया गया।
सीओ सदर शिवांक सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। जांच में पता चला है कि मृतक शिव प्रसाद का राकेश राजपूत की बेटी से प्रेम-प्रसंग था। देर रात युवक के वहां पहुंचने पर विवाद हुआ, जिसमें उसके साथ मारपीट की गई। गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि युवती भी घायल है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।