बीमारी से परेशान होकर की आत्महत्या, पुलिस मौके पर जांच में जुटी
कौशांबी। कोखराज थाना क्षेत्र में एक अधेड़ व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली। मीरापुर गांव में 55 वर्षीय करन सिंह पटेल का शव मंगलवार रात गांव से करीब 100 मीटर दूर एक बेर के पेड़ से लुंगी के फंदे से लटका मिला। परिजन के अनुसार, वह लंबे समय से बीमारी से पीड़ित थे।
मृतक की पत्नी चमेली देवी ने बताया कि मंगलवार रात करीब 11 बजे जब उनकी नींद खुली तो उन्होंने पति को घर में नहीं पाया। तलाश करने पर भी उनका कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार सुबह खेत के पास पेड़ पर उनका शव लटका देख चमेली देवी ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही शहजादपुर चौकी प्रभारी जनार्दन सिंह अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पेड़ से उतरवाकर कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
करन सिंह पटेल के तीन पुत्र हैं, जो रोजगार के सिलसिले में गांव से बाहर रहते हैं। उन्हें घटना की जानकारी दे दी गई है। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।