– बरातियों और ग्रामीणों पर हमला, किसान ने फावड़े से मारा, पुलिस जांच में जुटी।
बदायूं। बिसौली कस्बे में एक आवारा कुत्ते ने आतंक मचा दिया। कुत्ते ने शादी समारोह, राहगीरों और मजदूरों सहित 100 से अधिक लोगों को काट लिया। बाद में एक किसान ने फावड़े से हमला कर उसे मार डाला। यह घटना तब हुई जब बिसौली के अभिनंदन वेंकट लॉन में दुल्हन की विदाई का कार्यक्रम चल रहा था। कुत्ता अचानक मैरिज लॉन में घुस गया और बारातियों पर हमला कर दिया। इस दौरान लगभग 60 लोगों को कुत्ते ने काट लिया, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते रहे।

शादी समारोह से पहले भी इस कुत्ते ने बिसौली कस्बे और आसपास के ग्रामीण इलाकों में लोगों को निशाना बनाया था। रविवार से ही इसने राह चलते लोगों को काटना शुरू कर दिया था, जिसमें 30 से अधिक लोग घायल हुए। इसके बाद पास के अजनावर गांव में पानी की टंकी बना रहे मजदूरों पर भी कुत्ते ने हमला किया और 37 लोगों को काट लिया।
कुत्ते के हमले के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर एंटी-रेबीज वैक्सीन (एआरवी) लगवाने वालों की भारी भीड़ जमा हो गई। रिकॉर्ड के अनुसार, कुल 109 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। कई लोगों को जल्दबाजी में बिना पर्चे के भी टीका लगाकर सुरक्षित किया गया।
कुत्ते का आतंक तब समाप्त हुआ जब खेतिहर इलाके में काम कर रहे एक किसान पर उसने हमला किया। किसान ने आत्मरक्षा में फावड़े से वार कर कुत्ते को मार डाला। हालांकि, वह किसान अभी तक सामने नहीं आया है। सीएचसी अधीक्षक डा. मोहित यादव ने बताया कि सोमवार को एआरवी लगवाने के लिए एक साथ भीड़ आई थी।
एआरवी पर्याप्त मात्रा में थी, ऐसे में सभी को इंजेक्शन लगाया गया। सुबह की शिफ्ट में 36 लोग आए थे।
एडीएम प्रशासन अरुण कुमार ने बताया कि पालिका को डॊग को पकड़वाने का निर्देश दिया गया था। हालांकि अब डॉग कहीं नहीं दिखा है। उसकी मौत की पुष्टि भी नहीं की जा सकती। चेयरमैन अबरार अहमद ने बताया कि डॉग सर्वा गांव की ओर भागा था। वहां से सूचना मिली है कि किसी किसान ने उसे मार डाला। नगर पालिका क्षेत्र में ऐसा कोई डॉग फिलहाल नहीं है।

