शारदा एक्सप्रेस रिपोर्टर मेरठ। बिजनौर जिले में निर्माणाधीन मेरठ पौड़ी हाईवे पर बैराज के पास हेमराज कॉलोनी चौराहे पर अंडरपास की मांग को लेकर भारतीय किसान संघ के दर्जनों कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को मेरठ कमिश्नरी चौराहे पर प्रदर्शन किया।

इस दौरान उन्होंने भारत सरकार को संबोधित ज्ञापन डीएम कार्यालय पर सौंपते हुए बताया कि, बिजनौर जिले में निर्माणाधीन मेरठ पौड़ी हाईवे पर बैराज के पास हेमराज कॉलोनी चौराहे पर भारतीय किसान संघ के बैनर तले ग्राम वासियों का पिछले 9 महीने से लगातार अंडरपास की मांग को लेकर एक धरना प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा था, जो उनकी एक जायज मांग है।
उन्होंने कहा कि, अधिकारियों से आश्वासन मिलने के बावजूद भी एनएचएआई अधिकारियों एवं जिला प्रशासन बिजनौर ने कुछ राजनीतिक लोगों के स्वार्थ व भू माफिया के फायदे के लिए आपस में मिलीभगत करके शांतिपूर्ण ढंग से चल रहे धरने को अमर्यादित तरीके से हटा दिया। जबकि, कई थानों की पुलिस फोर्स लगाकर ग्राम बासियों को रात भर नजर बंद रखा गया।
उन्होंने बताया कि, अब पता चला है कि, हेमराज कॉलोनी वासियो व किसानों के खिलाफ शासन स्तर पर मुकदमे दर्ज कराए गए, जो निन्दनीय है। भारतीय किसान संघ जनपद मेरठ (मेरठ प्रांत) इसका घोर विरोध करता है और भारतीय किसान संघ जनपद मेरठ (मेरठ प्रांत) मांग करता है कि इसमें दोषी जिला प्रशासन अधिकारियों और एनएचएआई अधिकारियों को तुरंत हटाया जाए। साथ ही हेमराज कॉलोनी वासियों और किसानों के खिलाफ दर्ज मुकदमे तुरंत वापिस लिए जाएं।
प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं ने साफ कहा कि अगर बिजनौर जिला प्रशासन ने ग्रामीणों की आवाज को दबाने का प्रयत्न किया और मांग पूरी नहीं की तो भारतीय किसान संघ मेरठ प्रांत जनपद बिजनौर में एक बड़ा आंदोलन करेगा, जिसका जिम्मेदार बिजनौर जिला प्रशासन होगा।

