– बिजली बंबा बाईपास स्थित ग्रहण कॉलोनी में आयोजित हुआ हिंदू महापर्व सम्मेलन।
शारदा रिपोर्टर मेरठ। बिजली बंबा बाईपास स्थित ग्रहण कॉलोनी के समन्वय भवन में सोमवार को हिंदू महापर्व सम्मेलन का आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हवन-पूजन से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि देव मुनि जी महाराज ने अपने आशीर्वचन में धर्म, संस्कार और राष्ट्रभावना का संदेश दिया।

अपने संबोधन में देव मुनि ने कहा कि हिंदू धर्म केवल पूजा पद्धति नहीं, बल्कि एक व्यापक विचारधारा है। इसमें राष्ट्रीयता, परोपकार और मानव कल्याण की भावना समाहित है। उन्होंने नारी शक्ति के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि माताएं ही परिवार में संस्कारों का बीजारोपण करती हैं और भविष्य की पीढ़ी का निर्माण करती हैं।
सम्मेलन के द्वितीय सत्र में मुख्य वक्ता अनिकेत जी ने ‘सौ वर्ष की यात्रा’ विषय पर प्रकाश डाला। उन्होंने भारत के विकास और गौरवशाली अतीत का वर्णन किया। छत्रपति शिवाजी महाराज, स्वामी विवेकानंद, भगत सिंह और चंद्रशेखर आजाद जैसे महानायकों के जीवन प्रसंगों से युवाओं को राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा दी।
वरिष्ठ वक्ता बालकिशन ने समाज और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों पर बल दिया। उन्होंने कहा कि परिवार की एकजुटता ही सशक्त समाज और समर्थ राष्ट्र की नींव है। रामशरण जी ने सम्मेलन के स्वरूप और उद्देश्यों को विस्तार से समझाया।
राष्ट्रीय इंटर कॉलेज, नूर नगर की छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों में अखंड भारत और भारतीय संस्कृति की झलक स्पष्ट दिखाई दी, जिसने सभी उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का संचालन अवधेश गुप्ता ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रधानाचार्य संजीव कुमार नागर ने सभी अतिथियों और आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। लोगों से ऐसे रचनात्मक आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। अंत में, आयोजन समिति के समर्पित सदस्यों और पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया।
सम्मानित होने वालों में नवरत्न सैनी, नागेंद्र शास्त्री, आर्यन, रचित लोधी, संदीप तोमर, सोनू, बिजेंद्र पाल, तपेश पाल और हरीश माहेश्वरी प्रमुख थे। सम्मेलन का समापन राष्ट्र और समाज की उन्नति के संकल्प के साथ हुआ।

