– एक्सीडेंट कर भाग रहा था ट्रैक्टर, दो घायल, लाइट बंद करके ट्रैक्टर भगा ले गया ड्राइवर।
झांसी। रॉन्ग साइड दौड़ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने दो बाइकों को टक्कर मारी। पहला एक्सीडेंट करके मौके से भाग रहे ट्रैक्टर ने लगभग 400 मीटर दूर दो दोस्तों को रौंद दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ड्राइवर लाइट बंद करके ट्रैक्टर को भगाकर ले गया। एक्सीडेंट में दो युवक घायल है। उनको मेडिकल कॉलेज में एडमिट करवाया गया है। वहीं, पुलिस दोनों शवों को कब्जे में लेकर ट्रैक्टर की तलाश कर रही है। हादसा ग्वालियर-कानपुर बाईपास पर राधिका आॅर्चिड के पास हुआ है।
मृतकों की पहचान ग्वालियर के मेवाती मोहल्ला निवासी आरिफ खान (28) पुत्र नौसर खान और शाहिद (26) पुत्र सलीम खान के रूप में हुई है। दोनों 2 साल से मेरी गांव के गनेश एनक्लेव में रहकर बेल्डिंग का काम करते थे। शाहिद के मौसेरे भाई शरीफ ने बताया- सोमवार को दोनों स्वास्तिक सिटी में काम करने के लिए गए थे। वहां से रात को बाइक से गणेश एनक्लेव लौट रहे थे। रास्ते में राधिका आॅर्चिड के पास एक्सीडेंट हो गया। इसमें दोनों दोस्तों की मौत हो गई।
शरीफ और सोनू ने बताया कि ग्वालियर-कानपुर बाईपास पर एक युवक ट्रैक्टर ट्रॉली को रॉन्ग साइड में तेज गति में दौड़ा रहा था। पहले अशोक सनफ्रांस के पास एक बाइक को टक्कर मारी। इसमें दतिया के मुढेरा गांव निवासी भगवानदास (31) और उनके साढ़ू बालटाडा निवासी परमानंद घायल हो गए। ट्रैक्टर का पहिया उनके ऊपर चढ़ने से बच गया।
लोगों ने ट्रैक्टर को पीछे करके दोनों घायलों को निकाला। लोग घायलों को अस्पताल पहुंचाने में जुट गए। तभी ड्राइवर ट्रैक्टर-ट्रॉली को लेकर मौके से भाग निकला। लगभग 400 मीटर दूर राधिका आर्चिड के पास दूसरी बाइक को टक्कर मारी। इसमें आरिफ और शाहिद की मौके पर मौत हो गई। यहां से ड्राइवर लाइट बंद करके ट्रैक्टर को भगाकर ले गया।
दोनों युवकों के परिजन पहुंचे झांसी
दो दोस्तों की मौत के बाद उनके परिजन देर रात झांसी पहुंच गए। शवों को देखकर परिजन रोने बिलखने लगे। आरिफ दो भाइयों में बड़ा था। उससे छोटा सोहिल और दो बहनें सोनम व करिश्मा है। पिता मजदूरी करते हैं। वहीं, शाहिद तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उससे बड़े भाई साबिर, आजाद भी प्राइवेट काम करते हैं। दो बहनों अमीना और साहिबा की शादी हो चुकी है।


