मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में 17 से 22 मार्च के बीच 13वीं इंटरनेशनल सिम्पोजियम आॅन एवियन एंडोक्रिनोलॉजी संगोष्ठी की तैयारी शुरू हो गई है। संगोष्ठी में देश-विदेश से करीब 75 वैज्ञानिक अपने शोध पर व्याख्यान देने आएंगे। इसके लिए विवि प्रशासन ने अटल सभागार को सजाना और संवारना शुरू कर दिया है।
सीसीएसयू प्रदेश का पहला और देश का दूसरा विवि है, जहां ऐसा आयोजन किया जा रहा है। इससे पहले ऐसी सिम्पोजियम 10 से 15 जनवरी 1977 में कोलकाता में हुई थी। यह चार वर्ष बाद विश्व के किसी एक देश के विवि में होती है।
चार वर्ष पहले अमेरिका में हुई सिम्पोजियम में समापन पर तय हुआ था कि 2024 में भारत में आयोजन किया जाएगा। पहले यह लखनऊ विवि में प्रस्तावित थी, मगर विवि के जंतु विज्ञान विभाग के प्रो. संजय कुमार भारद्वाज के प्रयास से सीसीएसयू में आयोजन कराने का फैसला हुआ है। इसमें भाग लेने के लिए विश्वभर के करीब 75 वैज्ञानिकों ने भाग लेने की सहमति दी है। अब विवि प्रशासन ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। गत दिनों वित्त समिति की बैठक में बजट भी स्वीकृत किया जा चुका है।
प्रो. संजय कुमार भारद्वाज ने बताया कि सिम्पोजियम में आने वाले वैज्ञानिक अब तक हुए शोधों पर चर्चा करेंगे। साथ ही विवि के शोधार्थियों को अहम जानकारियां भी देंगे।