– रैली में ग्यारह जिलों के 19 हजार युवा ले रहे भाग, 700 हुए पास।
आगरा। एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही सेना की अग्निवीर भर्ती रैली में शुक्रवार को आगरा को छोड़कर अन्य 11 जिलों के 900 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। इनमें से 700 ने दौड़ और शारीरिक दक्षता परीक्षा पास कर ली है।

इन सभी को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए बुलाया गया है। शनिवार को झांसी और ललितपुर के अभ्यर्थी दौड़ में शामिल होंगे। रात में 12:00 बजे से स्टेडियम में प्रवेश दिया गया। इसके बाद शारीरिक दक्षता की जांच हुई। इसके बाद दौड़ लगाई जा रही है। फर्जी अभ्यर्थियों पर नजर रखने के लिए सैन्य और पुलिस की तरफ से अलग-अलग टीम बनाई गई है।
सेना भर्ती कार्यालय आगरा की ओर से 1 अप्रैल से एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन किया जा रहा है। शुक्रवार को अग्निवीर क्लर्क/स्टोर कीपर टेक्निकल श्रेणी के लिए अलीगढ़, एटा, इटावा, फिरोजाबाद, हाथरस, जालौन, झांसी, कासगंज, ललितपुर, मथुरा एवं मैनपुरी के अभ्यर्थियों ने भाग लिया।
पास हुए अभ्यर्थियों को शनिवार को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए बुलाया गया है। 4 अप्रैल को अग्निवीर क्लर्क (आगरा) और अग्निवीर जनरल ड्यूटी (झांसी एवं ललितपुर) के अभ्यर्थियों को बुलाया गया है।अग्निवीर भर्ती रैली 19 अप्रैल तक चलेगी, जिसमें आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, इटावा, हाथरस, मैनपुरी, कासगंज, एटा, झांसी, ललितपुर और जालौन के लगभग 19 हजार युवा भाग लेंगे।


